उपेंद्र कुशवाहा ने चला बड़ा दांव, मप्र विधान सभा चुनाव में उतारे 66 उम्मीदवार, यहां देखें पूरी सूची

बिहार में एनडीए के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर हक की लड़ाई अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने बीजेपी के साथ सीटों को लेकर अब तक अनुकूल बात नहीं बनने पर बड़ा दांव खेल दिया है। इसके तहत पार्टी सुप्रीमो और केंद्र में मानव संसाधान विकास राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने आज मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के 66 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी।

 

कुशवाहा को लग रहा है कि जेडीयू के लिए उनका हक मारा जा रहा है!

आपको बता दें कि बिहार में सीट बंटवारे को लेकर पिछले हफ्ते बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और जेडीयू सुप्रीमो नीतीश कुमार ने एक प्रेस कांफ्रेंस करके एलान किया था कि दोनों पार्टियां बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। इस प्रेस कांफ्रेंस में हालांकि किसी भी घटक दल के लिए सीटों की संख्या का एलान नहीं किया गया था, लेकिन माना यह गया कि इस फॉर्मूले के तहत राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के खाते में केवल एक या दो सीट ही आ पाएगी, इसलिए उपेंद्र कुशवाहा और उनकी पार्टी को लग रहा है कि जेडीयू के लिए उनकी पार्टी का हक मारा जा रहा है।

 

भूपेंद्र यादव से मुलाकात में नहीं बनी बात

इसी सिलसिले में मंगलवार सुबह को रालोसपा अध्यक्ष और केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने दिल्ली में बिहार बीजेपी के प्रभारी भूपेंद्र यादव से मुलाकात की।

इस मुलाकात के थोड़ी देर बाद कुशवाहा ने अपने निवास पर एक प्रेस कांफ्रेंस भी किया, जिसमें साफ हो गया कि सीटों को लेकर अभी तक दोनों दलों के बीच बात नहीं बन पाई है। कुशवाहा ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा और जीता, इसलिए इस बार भी तीन सीटों पर उनका हक तो बनता ही है। स्पष्ट है कि बीजेपी फिलहाल उन्हें तीन सीटें देने पर राज़ी नहीं है। हालांकि कुशवाहा ने कहा कि अभी सीटों को लेकर एनडीए घटक दलों के बीच कोई भी बातचीत फाइनल नहीं हुई है।

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा- “हमारी हिस्सेदारी सिर्फ लाभ में ही नहीं, बल्कि हानि में भी होनी चाहिए। अगर बिहार में एनडीए में जेडीयू के आने से बड़ी जीत मिली तो खुशी सबकी, लेकिन लोकसभा चुनाव के लिए सीटों की संख्या कम हो गईं, तो उसका नुकसान केवल हम ही क्यों झेलें? ऐसा नहीं होना चाहिए।”

माना जा रहा है कि जिस तरह से आज भूपेंद्र यादव से मुलाकात के फौरन बाद रालोसपा ने अपने 66 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी, उससे स्पष्ट है कि रालोसपा पहले से ही प्लान बी पर काम कर रही थी और इसी प्लान बी के तहत फिलहाल इन 66 उम्मीदवारों की सूची जारी की गई है।

 

प्लान बी फेल हुआ तो प्लान सी भी तैयार है!

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर यह प्लान बी भी उपेंद्र कुशवाहा और उनकी पार्टी के काम नहीं आया, तो उनका प्लान सी यह है कि उनकी पार्टी एनडीए छोड़कर एंटी-बीजेपी महागठबंधन में शामिल हो जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, इस महागठबंधन की मुख्य घटक पार्टी राष्ट्रीय जनता दल उन्हें 5 सीटें देने को तैयार है। आपको याद होगा कि जिस दिन अमित शाह और नीतीश कुमार की प्रेस कांफ्रेंस में दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे में 50-50 फॉर्मूले का एलान किया गया था, उसी दिन शाम में अरवल के सर्किट हाउस में ठहरे उपेंद्र कुशवाहा से राजद नेता तेजस्वी यादव ने आकर मुलाकात की थी।

 

मध्य प्रदेश में रालोसपा उम्मीदवारों की पूरी सूची

आइए, हम आपको उन उम्मीदवारों की समूची सूची दिखाते हैं, जिन्हें मध्य प्रदेश के चुनाव में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने उतारा है।

[text-blocks id=”611″ slug=”%e0%a4%ac%e0%a4%b9%e0%a4%b8%e0%a4%b2%e0%a4%be%e0%a4%87%e0%a4%b5-%e0%a4%95%e0%a5%89%e0%a4%ae-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%9c%e0%a5%81%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a5%87%e0%a4%82″]